देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। यहां टनकपुर इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष उत्तम सिंहदेव की नियुक्ति से खफा 150 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से स्थानीय विधायक काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि इससे राज्य में भाजपा का परिवार और बड़ा होगा। आपको बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान भी बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा का साथ अपनाया था।
गौरतलब है कि टनकपुर इलाके में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का अपने नेतृत्व से नाराजगी सामने आ गई है। बताया जा रहा है कि ये कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के तौर पर उत्तम सिंह देव की नियुक्ति को लेकर अपनी नाराजगी जता चुके थे लेकिन पार्टी की ओर से कोई कदम नहीं उठाने पर करीब 150 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के हाथ को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया।
ये भी पढ़ें - उत्तराखंड में हो रही बारिश बनी पहाड़ों के लिए खतरा, नैनीताल में हो रहा जबर्दस्त भूस्खलन
यहां आपको बता दें कि स्थानीय भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी ने इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की शक्ति में और इजाफा होगा। इससे आम लोगों का विश्वास भाजपा में और बढ़ेगा। गौर करने वाली बात है कि कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे नाथूराम राय, मनोज सक्सेना जैसे पूर्व कांग्रेसियों के अलावा करीब 150 अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।