नैनीताल । भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष रही मंजू तिवारी ने कमल के फूल को छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री और नैनीताल सीट से उम्मीदवार हरीश रावत ने मंजू तिवारी और उनके समर्थकों का माला पहनाकर कांग्रेस में स्वागत किया। इस दौरान हरदा ने कहा कि भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले लोग पार्टी और देशसेवा के लिए आ रहे हैं, जबकि कांग्रेस छोड़कर जाने वाले लोग सिर्फ सत्ता की मलाई खाने के लिए पार्टी छोड़ रहे हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रही मंजू तिवारी ने कांग्रेस में जाने पर कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी सिर्फ अंबानी अडानी की पार्टी बनकर रह गई है। पार्टी में वरिष्ठ नेताओं का कोई सम्मान नहीं हो रहा है। वह मेजर जनरल (रिटायर्ड) बीसी खंडूड़ी से किए गए भाजपा के व्यवहार से काफी दुखी रही हैं। पिछले कुछ सालों में भाजपा का चाल चरित्र और चेहरा बदल गया है । अब भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने वाली पार्टी नहीं रही।
वहीं कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं को भी समझ आ गया है कि भाजपा धोखा देने वाली पार्टी है। भाजपा अब इन नेताओं को ही साइड लगाने में जुट गई है जिन्होंने पार्टी को इस स्तर तक पहुंचाया। दुखद यह है कि अडानी अंबानी की इस पाप्टी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, बीसी खंडूड़ी जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी धोखा दिया।