देहरादून। त्रिवेन्द्र सिंह रावत सरकार राज्य में पारदर्शी शासन देने की पूरी कोशिश कर रही है। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने गृह विभाग की समीक्षा की है। उन्होंने पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जेलों में बंद अपराधियों द्वारा अपराध का संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की घटना को रोकने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
जेलर पर होगी कार्रवाई
गौरतलब है कि राज्य की जेलों में बंद खतरनाक अपराधियों द्वारा जेल से अपराध के संचालन की खबरें आती रहती हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की खबरें आती हैं तो जेलर की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध खनन को रोकने में भी पुलिस की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से पर्यावरण के साथ राजस्व का भी काफी नुकसान होता है। इसे रोकने के लिए उन्होंने पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें - देवभूमि में लोगों को बढ़ते पारे से मिलेगी निजात, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक तेज हवाएं चलने ...
नशे के खात्मे पर जोर
राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने पुलिस को कई निर्देश दिए। सीएम ने चारधाम और कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस को चुस्त रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रदेश से नशे के खात्मे के लिए उन्होंने पुलिस विभाग को व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।