अगर आप कुछ अलग हटकर करते हैं तो दूसरों की नजरों में आ जाते हैं। वहीं एक अलग तरह की संस्कृति या सभ्यता को मानने की वजह से वह जगह दुनिया में अपना एक अलग मुकाम बना लेता है। ऐसा ही कुछ हुआ इंडोनेशिया के इस गांव सेमरेंग के साथ। पहाड़ी इलाके में बसा यह गांव पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। इसकी वजह है यहां के रंग-बिरंगे घर। इस गांव में करीब 200 घर हैं और सभी को अलग-अलग रंगों से सजाया गया है। लोग अब इसे रेनबों गांव के नाम से जानने लगे हैं।
गांव के विकास का नया आइडिया
गौरतलब है कि इंडोनेशिया के इस छोटे से गांव सेमरेंग में करीब 200 घर हैं। इस गांव की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। सेमरेंग गांव की वोनोसारी कम्यूनिटी ने अपनी इनकम बढाने और जीविका चलाने के लिए यह नया आईडिया खोज निकाला है। गांव के सभी घरों, दीवारों और गलियों को रंगने में करीब एक महीने का समय लगा। लेकिन सजने-संवरने के इन घरों को देखकर हर कोई हैरान रह गया। सोशल मीडिया पर इन रंग-बिरंगे घरों की तस्वीर तेजी से वायरल होने लगी। विदेशी पर्यटक दूर-दूर से इन घरों को देखने आ रहे हैं।
सैलानियों का लगा तांता
आपको बता दें कि सेमरेंग गांव की दशा को बदलने में कई कंपनियों ने मदद की। सेमरेंग गांव के घरों को अलग-अलग रंगों से रंगने के पीछे एक ही मकसद था, इस गांव के लोगों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना। आज इस गांव के नए घरों को देखने के लिए विदेशी पर्यटकों का तांता लगा है। टूरिस्ट इन घरों की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।