नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार है। विश्व निशानेबाजी चैम्पियनशिप में उदयवीर सिंह ने जूनियर पुरुष 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। 16 साल के उदयवीर ने व्यक्तिगत वर्ग में 587 (प्रीसीजन में 291 और रैपिड में 296) का स्कोर कर अमेरिका और कोरिया के खिलाड़ियों को पछाड़कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इस मुकाबले में भारत के ही विजयवीर सिद्धू 581 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।
गौरतलब है कि विश्व निशानेबाजी प्रतियोगिता में राजकंवर सिंह संधू ने 568 अंक के साथ 20वां स्थान हासिल किया। भारतीय तिकड़ी ने 1736 अंक के साथ टीम गोल्ड मेडल जीता। वहीं चीन ने 1730 अंक के साथ सिल्वर जबकि कोरिया ने 1721 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
ये भी पढ़ें - जेल से रिहा होती की भाजपा के खिलाफ दहाड़ा ‘रावण’, 2019 में उखाड़ फेंकने की अपील
आपको बता दें कि भारतीय टीम अब तक 9 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक के साथ कुल 24 पदक जीतकर चौथे स्थान पर चल रही है। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज खेल महासंघ की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत टोक्यो ओलंपिक 2020 की इस पहली क्वॉलिफाइंग प्रतियोगिता से 2 कोटा स्थान हासिल करने में सफल रहा है।