बंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है ऐसे में राजनीति दलों के बीच एक दूसरे पर आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है। कर्नाटक के बेलागावी इलाके में भाजपा के विधायक संजय पाटिल ने एक विवादित बयान दिया है। पाटिल ने कहा कि कर्नाटक का चुनाव स्थानीय मुद्दों, सड़क, बिजली और पानी की समस्या पर नहीं बल्कि हिंदू-मुसलमान के बीच लड़ी जाएगी।
गौरतलब है कि संजय पाटिल ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव राम मंदिर और बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन बचे हैं। गौर करने वाली बात है कि यह चुनाव एकबार फिर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की नाक का सवाल बना हुआ है। चुनाव के मद्देनजर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने आज अपने विधानसभा चुनाव शिमोगा के शिकारीपुरा से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
ये भी पढ़ें - सोशल मीडिया में मनोहर पर्रिकर की सेहत को लेकर उड़ी अफवाह, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बता दें कि येदियुरप्पा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले शिमोगा में एक बड़ा रोड शो भी किया था। बीएस येदियुरप्पा ने अपनी जीत का ऐलान करते हुए कहा कि वे 30 से 40 हजार के मतों से जीतेंगे। वहीं अन्य राजनीतिज्ञों का कहना है कि इस चुनाव में छोटी पार्टियां अहम भूमिका निभाएंगी।