अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले की बीजेपी नेता संगीता वार्ष्णेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। संगीता खुद को जिले की महिला मोर्चा अध्यक्ष बताती हैं। बीजेपी नेता ने मंगलवार को पहले एक हिंदू लड़की को मुस्लिम लड़के के साथ सार्वजनिक रूप से देखे जाने पर थप्पड़ मारा, फिर लड़की के पिता को बुलवाकर उसे और थप्पड़ मारने को कहा था। इस घटना से संबंधित वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि बीजेपी नेता लड़की को वयस्क बता रही हैं। साथ ही जिस लड़के के साथ लड़की देखी गई हैं, उसका नाम मोहम्मद फैजान बता रही हैं।
लड़की ने स्वीकार किया है कि फैजान के साथ उसके संबंधों को लेकर उसके परिवार को कोई जानकारी नहीं है। इस बात से बीजेपी नेता संगीता को ऐतराज है। संगीता ने बताया कि लड़की अपने परिवार वालों को बताये बिना बहुत दिनों से फैजान से मिलने के लिए नौरंगाबाद आती है।
"संगीता अब महिला मोर्चा की अध्यक्ष नहीं हैं,पहले थीं"
वहीं, बीजेपी नेता संगीता ने स्वीकार किया कि उन्होंने लड़की के साथ फैजान के संबंधों को लेकर लड़की को थप्पड़ मारा। संगीता दावा है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय हिन्दू सेना का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अलीगढ़ जिले के बीजेपी मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि संगीता वार्ष्णेय पहले महिला मोर्चा की अध्यक्ष थीं, लेकिन अब नहीं।