नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कासगंज में तिरंगा यात्रा के बाद फैली साम्प्रदायिक हिंसा के बाद वहां लगातार तनाव का माहौल है। हिंसा को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। यूपी पुलिस ने मंगलवार को ऐसे ही व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी अजय की तलाश जारी है। बता दें कि ये दोनों व्हाट्सएप पर हिंसा का वीडियो डालकर उनपर भड़काउ कमेंट करते थे। गौरतलब है कि तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा में चंदन गुप्ता नाम के एक युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद कासगंज में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से सख्त कर दी गई लेकिन इसके बावजूद हिंसा की घटनाएं होती रहीं हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को भी गंजडुडवारा इलाके में कुछ अराजक तत्वों ने एक धार्मिक स्थल के गेट पर आग लगा दी थी। इसकी वीडियो कुछ ही समय बाद व्हाट्सएप ग्रुप पर डालकर भड़काउ संदेश लिखे गए थे। पुलिस ने उस वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। यहां बता दें कि गंजडुडवारा के धार्मिक स्थल पर लगी आग को समय रहते बुझा दिया गया और लापरवाही बरतने के आरोप में 2 सिपाहियों सस्पेंड भी कर दिया गया है। कासगंज हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता के परिवार से आज लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिलेंगे।