नई दिल्ली। बुलंदशहर कांड के एक और आरोपी, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नगर अध्यक्ष शिखर अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खबरों के अनुसार पुलिस ने शिखर अग्रवाल को हापुड़ से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शिखर भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा का स्याना नगर अध्यक्ष है और स्याना-चिंगरावठी बवाल में नामजद आरोपी है। एसआईटी के द्वारा देर रात एटीएस ने गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि शिखर अग्रवाल को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। यहां बता दें कि 3 दिसंबर 2018 को बुलंदशहर के स्याना में गोकशी की घटना के बाद हिंसा भड़क गई थी और भीड़ ने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या कर दी थी। इंस्पेक्टर के हत्यारों को गिरफ्तार करने के भारी दवाब के बीच करीब 2 महीने के बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले प्रशांत नट और इंस्पेक्टर पर कुल्हाड़ी से वार करने वाले कलुआ को गिरफ्तार कर लिया था।
ये भी पढ़ें - LIVE:अयोध्या मसले की सुनवाई पर मुस्लिम पक्षकार ने फंसाया पेंच, जस्टिस यूयू ललित मामले से हटे,...
यहां बता दें कि पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी माने जाने वाले बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज को भी काफी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। अब भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष शिखर अग्रवाल को देर रात एटीएस ने हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी को आज ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।