मुंबई । बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा की सगाई की खबरों के बाद शनिवार सुबह एक नई खबर आई है। साफ हो गया है कि अब यह देसी गर्ल विदेशी मुंडे की हो गई है। मुंबई में शनिवार दोपहर प्रियंका चोपड़ा का रोका हो गया। इसकी फोटो भी मीडिया में जारी हुई है। इससे पहले प्रियंका और उनके मंगेतर निक को शुक्रवार रात मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट में डिनर करते हुए देखा गया। अपने रोका की सेरेमनी में जहा निक ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहना हुआ है वहीं देसी गर्ल साड़ी में नजर आ रही हैं। दोनों का रोका भारतीय विधिविधान से संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोचार के बीच निक भी श्लोकों को दोहराते देखे गए।
बता दें कि दोनों की सगाई को लेकर काफी लंबे समय से अटकलों का बाजार गर्म था। कई बार इस तरह की खबरें आईं कि दोनों की शादी नहीं होने जा रही है, लेकिन एकाएक प्रियंका की अंगुली में निक द्वारा पहनाई गई सगाई की अंगूठी नजर आई। इसके बाद एकाएक अब उनके रोका सेरेमनी भी संपन्न हो गई है। इस सेरमनी से पहले शुक्रवार रात दोनों मुंबई के जेडल्ब्यू मैरियट में साथ डिनर करते नजर आए । इस दौरान प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा और भाई सिद्धार्थ भी दिखाई दिए थे। इसके बाद शनिवार सुबह प्रियंका के घर पर पूजा का आयोजन किया गया था। सुबह घर के बाहर पुजारी, कैटरर्स और मिठाई के डब्बे की तस्वीरें दिखाई दी। इस समारोह में आने वाले मेहमामों के लिए होटल में कई कमरे भी बुक करवाए गए हैं।
बता दें कि 25 साल के निक जोनास अपने पैरेंट्स डेनिस और केविन जोनास सीनियर के साथ गुरुवार की रात को ही मुंबई पहुंच चुके हैं। यह दूसरी बार होगा, जब निक ने मुंबई विजिट किया है। पिछली बार जून में प्रियंका की फैमिली से मिलने आए थे, जब दोनों ही स्टार्स गोवा में हॉलीडे पर गए थे। हालांकि कहा ये भी जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा ने पिछले महीने अपने जन्मदिन पर निक जोनास से सगाई कर ली थी, लेकिन अब वो विधिवत रूप से परिजनों और रिश्तेदारों के सामने इस सगाई समारोह को अंजाम देंगे।