श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा के उत्तराधिकारी की तलाश तेज कर दी गई है। कई सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के नामों पर चर्चा के बीच अब महाराष्ट्र के राज्यपाल विद्यासागर राव का नाम भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरएसएस की पहली पसंद रहे विद्यासागर राव के नाम का ऐलान अमरनाथ यात्रा खत्म होने के साथ ही किया जा सकता है। इसके लिए गृह मंत्रालय की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गौरतलब है कि विद्यासागर राव 2014 से ही महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। राव को आरएसएस का काफी करीबी माना जाता है। इससे पहले जम्मू कश्मीर के राज्यपाल के तौर पर गृह सचिव राजीव महर्षि, जम्मू कश्मीर वार्ताकार दिनेश्वर शर्मा, अता हसनैन, रिटायर्ड मेजर जनरल जीडी बख्शी और दीपेंद्र हुड्डा का नामों पर भी चर्चा हो रही थी।
ये भी पढ़ें - अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों की छात्रवृत्ति में हुआ गड़बड़झाला, अगले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट...
यहां बता दें कि एनएन वोहरा पिछले एक दशक से जम्मू कश्मीर के राज्यपाल रहे हैं। खबरों के अनुसार गृह मंत्रालय की ओर से विद्यासागर राव के नाम पर मुहर लगाने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जम्मू कश्मीर में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार गिरने के बाद से राज्यपाल शासन लागू है। ऐसे में राज्यपाल की राज्य में खास अहमियत को देखते हुए नए राज्यपाल को लेकर सियासी दलों के अलावा आम लोगों में भी चर्चा जोरशोर से चल रही है।
बताया जा रहा है कि अनुच्छेद 35 ए के मुद्दे पर सुनवाई के टालने को लेकर केंद्र सरकार और एनएन वोहरा के बीच मतभेद उभरकर सामने आए थे। इसके बाद से ही नए राज्यपाल के नामों को लेकर कयास तेज हो गए थे। अब उम्मीद की जा रही है कि अमरनाथ यात्रा के खत्म होते ही नए राज्यपाल के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।