रामपुर।
हिमाचल प्रदेश में आज रामपुर के पास एक बस सतलुज नदी में गिर गई। इस हादसे में 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घायलों में से कुछ ही हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार, बस किन्नौर जिला के रिकांगपिओ से वाया रामपुर होते हुए सोलन जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, बस खनेरी के पास अचानक बेकाबू होकर नदी के पास 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घायलों को खाई और नदी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया है। यह हादसा सुबह करीब नौ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा बस का टायर फटने की वजह से हुआ। बस में करीब 50 लोग शामिल थे। फिलहाल घायलों और शवों को निकाला जा रहा है। मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे में बस के चालक और परिचालक बच गए हैं और उन्होंने किसी तरह बचकर पुलिस को हादसे की सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही बस में सवार लोगों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
खबरों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताया और हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने घायलों को तुरंत मदद पहुंचाने के भी आादेश दिए। वहीं विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने भी हादसे पर दुख जताया है। धूमल ने हादसे में मारे गए लोगों और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने घायलों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य सुविधाएं देने की मांग की है।