नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के राज्यो में लोग झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान हैं। लू के साथ आसमान से बरसती आग ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। शनिवार को दिल्ली के पालम में तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस और सफदरजंग में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जानकारों का कहना है कि इस बार तापमान के सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहने के आसार हैं, जिसके चलते आने वाले दिनों में लोगों को और आफत झेलने के लिए तैयार रहने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, राजस्थान से चल रही गर्म हवाओं को दिल्ली में बढ़ी गर्मी का कारण बताया जा रहा है। फिलहाल दिल्ली के मौसम में लू का असर आने लगा है। दोपहर के समय में हवाएं गर्म हो गई हैं, जबकि तापमान सुबह से ही लोगों को परेशान कर रहा है। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार शाम से तापमान में कुछ गिरावट आएगी। इसके साथ ही 30 मई को बारिश होने के भी आसार है। इस बार जून की शुरुआत 44 से 45 डिग्री के बीच होगी।
मौसम विभाग का ये भी कहना है कि मंगलवार से हवा में नमी आएंगी जिस वजह से तापमान में दो 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। हालांकि अभी र्मी अपने प्रचंड रूप में है। दिल्ली के पालम में सोमवार को तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं हरियाणा में 46 डिग्री, पंजाब में 47 डिग्री तथा राजस्थान में 47.5 डिग्री दर्ज किया गया।