मुंबई। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम तय करने की प्रक्रिया अभी से शुरू कर दी है। खबरों के अनुसार, भाजपा पुणे से फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को चुनाव लड़ा सकती है। पार्टी में उनके नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बता दें कि इसी साल जून के महीने में भाजपाध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा के ‘संपर्क फाॅर समर्थन’ अभियान के तहत मुलाकात की थी और भाजपा सरकार की उपलब्धियों के बारे मंे बताया था।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र भाजपा नेता के अनुसार पार्टी की ओर से कई लोकसभा सीटों के लिए उम्मीवारों का नाम तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें पुणे से अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को राजनीति के मैदान में उतारने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पार्टी की ओर से जानबूझ कर नए चेहरे को मैदान में उतारने पर विचार किया जा रहा है ताकि नेताओं के बीच कोई मतभेद न हो।
ये भी पढ़ें - रालोसपा अध्यक्ष का बड़ा बयान, कहा-जिनके साथ रहा उन्होंने ही धोखा दिया
यहां बता दें कि साल 2014 में भाजपा ने पुणे की सीट कांग्रेस से जीती थी। पार्टी उम्मीदवार अनिल शिरोले ने 3 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। भाजपा ‘तेजाब’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘दिल तो पागल है’, ‘साजन’ और ‘देवदास’ जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाली माधुरी दीक्षित की लोकप्रियता को भुनाना चाहती है। माधुरी दीक्षित को राजनीति में उतारने के फैसले पर महाराष्ट्र के नेता ने कहा कि इस तरह का प्रयोग गुजरात के निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री रहते हुए नरेन्द्र मोदी ने किया था और वह काफी सफल भी हुआ था। नए चेहरे के आने से किसी के पास आलोचना करने के लिए कुछ भी नहीं बचेगा।