पुडुचेरी।
पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और राज्य सरकार के बीच विवाद एक बार फिर गरमा गया है। पुडुचेरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुछ पोस्टर जारी किए, इनमें किरण बेदी की तुलना हिटलर से की गई है। बेदी ने शुक्रवार सुबह खुद पोस्टर छपे अखबार के कुछ हिस्से ट्वीट किए। पोस्टर में किरण बेदी को हुबहू हिटलर की तरह दिखाया गया है।
बेदी ने ट्वीट कर लिखा कि इस किताब में एक और चैप्टर जुड़ गया है, जिसमें लेखक खुद शामिल है। एक अन्य पोस्टर में किरण बेदी की तुलना हिंदू देवी काली से की गई है। तस्वीर में किरण बेदी के हाथ में कई नेताओं के सिर दिखाए गए हैं। बता दें कि किरण बेदी और पुडुचेरी सरकार के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे हैं।
दरअसल, राज्य सरकार और उपराज्यपाल के बीच तीन विधायकों को शपथ दिलाने के बाद से ही विवाद चल रहा है। 4 जुलाई को केंद्र सरकार की ओर से नामित किए गए तीन विधायकों को बेदी ने शपथ दिलाई थी। जिन तीन विधायकों को पुडुचेरी विधानसभा की सदस्यता दी गई है, उनमें पुडुचेरी भाजपा अध्यक्ष वी. सामीनाथन, केजी शंकर और एस. सेल्वागणपति शामिल हैं। राज्य के मुख्य मंत्री र वी. नारायणसामी और अन्य कांग्रेस विधायकों ने केंद्र की ओर से नामित विधायकों की शपथ का विरोध किया था। इसके साथ ही किरण बेदी की कार्यशैली को तानाशाहीपूर्ण करार देते हुए पुदुचेरी कांग्रेस ने बंद का भी आयोजन किया था। सीएम नारायणसामी ने किरण बेदी पर अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि किरण बेदी पुडुचेरी सरकार की गुप्त जानकारियां ट्विटर पर शेयर करती हैं।