देहरादून। उत्तराखंड में देहरादून-मसूरी रोड पर मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक मैक्स गाड़ी के सड़क से करीब 400 फीट नीचे खाई में गिरने से 2 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इन दोनों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बताया जा रहा है कि मैक्स गाड़ी गलोगी पावर हाउस के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। गनीमत यह रही कि इतनी नीचे गिरने के बाद भी गाड़ी में सवार लोगों की जान बच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआएफ की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
ये भी पढ़ें - सालों से खेल संघों में जमे सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को मंत्री का फरमान, छोड़ना होगा पद
बताया जा रहा है कि दोनों घायलों को खाई से निकाल कर 108 से देहरादून के मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में सौरभ पुत्र ललिता प्रसाद उम्र 19 वर्ष निवासी टिहरी गढ़वाल तथा सतपाल पुत्र बचन सिंह निवासी टिहरी गढ़वाल घायल हो गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सौरभ की हालत गंभीर बनी हुई है।