देहरादून। उत्तराखंड से निर्विरोध राज्यसभा जाने वाले नेता अनिल बलूनी ने एक बड़ा बयान दिया है। बलूनी ने कहा है कि न्यू इंडिया की तर्ज पर न्यू उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा। राज्य को न्यू इंडिया के तौर पर उभारने के लिए वे केंद्र सरकार में मजबूत पैरवी करेंगे। राज्यसभा चुनाव का प्रमाणपत्र लेने के बाद बलूनी ने केन्द्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार देश के विकास की नई सोच के साथ काम कर रही है। इसी के तहत न्यू इंडिया की सोच को विकसित किया गया है। अब प्रदेश को भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने का काम किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था में आएगा सुधार, विभाग करेगा 917 प्रवक्ताओं की भर्ती
गौरतलब है कि अनिल बलूनी ने कहा कि वे राज्यसभा में प्रदेश के विकास के लिए केन्द्र सरकार के सामने अपनी बातों को पुरजोर तरीके से रखेंगे। प्रदेश के मुद्दों को केन्द्र के अलग-अलग मंत्रालय में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। बलूनी ने कहा कि अपने 6 सालों के कार्यकाल में अपने काम के जरिए एक नया मानक स्थापित करेंगे। उन्होंने अपने चयन के लिए आलाकमान के साथ ही मुख्यमंत्री और प्रदेश के सभी विधायकों को धन्यवाद दिया है।