चमोली। उत्तराखंड पुलिस ने बद्रीनाथ धाम की गुफा में अवैध तरीके से वर्षों से रह रहे न्यूजीलैंड के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है। इसने अपना नाम हंसमैक्सलिंडामैन बताया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह वर्ष 2008 से भारत में रह रहा है। पुलिस उपाधीक्षक हरबंश सिंह के अनुसार विदेशी नागरिक के पास पासपोर्ट या वीजा नहीं मिला है। वह खाना भी नहीं खा रहा है और व्रत की बात कह रहा है। पुलिस ने न्यूजीलैंड दूतावास को इसकी सूचना दे दी है। खुफिया एजेंसियां उस विदेशी नागरिक से पूछताछ कर रही हैं। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड के इस नागरिक ने पुलिस को बताया कि वह बद्रीनाथधाम के नारायण गुफा में रह रहा था। बद्रीनाथ मंदिर में लगातार उसकी आवाजाही को देखकर खुफिया विभाग ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद चलाए गए सर्च आॅपरेशन में उसे गिरफ्तार किया गया। हालांकि न्यूजीलैंड के इस नागरिक के पास कोई भी संवैधानिक दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस ने उसके यहां वर्षों से रहने की वजह की जांच शुरू कर दी है। यहां बतान कि इससे पहले ऊधमसिंह नगर में भी सालों से रह रहे विदेशी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ें - भूस्खलन के चलते दून-मसूरी मार्ग हुआ बंद, गाड़ियों की आवाजाही का बदला गया रूट