देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा के नेता राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने शुक्रवार को अपने कई समर्थकों के कांग्रेस का हाथ थाम लिया। पैन्यूली के कांग्रेस में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि उनके आने से पार्टी की क्षमता में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि अब लोगों का भारतीय जनता पार्टी से मोहभंग हो रहा है और युवा नेता कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में अपना विश्वास जता रहे हैं।
गौरतलब है कि राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी ने कहा कि वे न सिर्फ टिहरी बल्कि पूरे राज्य के विकास के लिए काम करेंगे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने भी अपने स्वागत पर काफी खुशी जाहिर की है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता संग्राम में अपने पारिवारिक योगदान को याद करते हुए कहा कि अब कांग्रेस द्वारा दी जाने वाली जिम्मेदारियों का पूरा निर्वहन करेंगे। पैन्यूली ने कहा कि राज्य में होने वाले निकाय चुनावों में कांग्रेस सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी। इसके साथ ही आने वाले लोकसभा चुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहतर होगा।
ये भी पढ़ें - मौसम के तल्ख मिजाज पर आस्था पड़ी भारी, बारिश की बीच शुरू हुआ ‘कैंची मेला’
यहां बता दें कि पैन्यूली के कांग्रेस में शामिल होने पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य और समाज के विकास की राजनीति से ताल्लुक रखने वाले लोगों का कांग्रेस में शामिल होना राहुल गांधी के नेतृत्व के प्रति बढ़ते विश्वास को दिखाता है।