देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने 27 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी कर दी है। इन उम्मीदवारों में प्रदेश के मुख्यमंत्री केा छोड़कर 25 उम्मीदवार कांग्रेस के हैं जबकि दो पाडीएफ के हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के अनुसार, सभी उम्मीदवारों की लिस्ट केन्द्रीय चुनाव समिति को दे दी गई है। आज इन नामों की घोषणा होने की उम्मीद है।
जारी हुई 27 उम्मीदवारों की सूची
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और सहप्रभारी संजय कपूर की काफी देर चली बैठक के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इन नेताओं ने यह सूची सीईसी को भी भेज दी है। पार्टी ने जिन 27 उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की है उन्हें नामांकन करा लेने को कहा गया है। आपको बता दें कि कांग्रेस विधायक दिनेश अग्रवाल, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और नवप्रभात 23 जनवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं पीडीएफ अध्यक्ष और देवप्रयाग के विधायक मंत्रीप्रसाद नैथानी आज नई टिहरी में देवप्रयाग सीट के लिए पर्चा भरेंगे। इन वजहों से हुई देरी
यहां आपको बता दें कि पहले मुख्यमंत्री और किशोर उपाध्याय के बीच कुछ नामों को लेकर मतभेद थे। मुख्यमंत्री जहां पीडीएफ और भाजपा के बागी नेताओं के प्रति दरियादिल हैं तो किशोर केवल और कांग्रेस के लोगों को टिकट देने पर अड़े हैं लेकिन अब ऐसा कहा जा रहा है कि सारे गिले शिकवे दूर हो गए हैं। प्रदेश में उम्मीदवारों की सूची जारी होने में देरी की वजह उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन पर फंसा पेंच बताया जा रहा है। कांग्रेस आलाकमान इस बार उत्तराखंड और यूपी से ज्यादा पंजाब के चुनाव पर अपना ध्यान केन्द्रित कर रही है। भाजपा की तरह कांग्रेस भी भाजपा से पार्टी में शामिल हुए नेताओं पर दांव लगाना चाहती है।