नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में वामपंथियों का गढ़ उखाड़ने के बाद तृणमूल अध्यक्ष ममता बनर्जी ने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार को ललकारा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री आगामी 15 अगस्त से भाजपा हटाओ देश बचाओ अभियान की शुरूआत करेंगी। धर्मतल्ला में शनिवार को शहीदी दिवस के मौके पर एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा देश को गुमराह कर रही है। इससे पहले शुक्रवार को संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी ने कहा था कि भाजपा राम के नाम पर राजनीति कर रही है। मर्यादा पुरुषोत्तम राम हर किसी में विद्यमान हैं।
टीएमसी के वरिष्ठ नेता दिनेश त्रिवेदी ने कहा था कि मर्यादा पुरुषोतम राम तो राजपाट छोड़कर 14 साल के लिए वनवास पर चले गए थे। भाजपा गद्दी पर दोबारा लौटने की कवायद में जुटी है। उन्होंने कहा कि राम किसमें नहीं है। राम तो हर व्यक्ति और वस्तु में हैं। मर्यादा पुरुषोतम राम पर भाजपा का विशेषाधिकार नहीं है। साल के शुरुआत से डाॅलर के मुकाबले रुपये की कीमत में लगातार गिरावट देखने को मिली। सरकार दुनिया की छठी अर्थव्यवस्था बनने का दावा कर रही है।
1993 में पुलिस की गोली से मारे गए 13 कार्यकर्ताओं की याद में तृणमूल कांग्रेस हर साल शहीद दिवस मनाती है। इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी रैली को संबोधित करती है। पूर्व राज्यसभा सांसद व पत्रकार चंदन मित्रा ने भाजपा का साथ छोड़कर तृणमूल का दामन थामा है। दरअसल भाजपा बंगाल में अपना जनाधार तेजी से बढ़ा रही है। तृणमूल भाजपा को रोकने में जुटी है।