नई दिल्ली। गोवा की मनोहर पर्रिकर सरकार में बीमार मंत्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को इस बात की जानकारी मिली है कि प्रदेश के 2 मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर निकाल दिया गया है। बताया जा रहा है कि ये दोनों ही मंत्री भारतीय जनता पार्टी के हैं। खबरों के अनुसार, एक मंत्री का इलाज गोवा के ही एक अस्पताल में चल रहा है जबकि दूसरे मंत्री का इलाज मुंबई में चल रहा है। गौर करने वाली बात है कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर खुद भी बीमार हैं और दिल्ली के एम्स में उनका इलाज चल रहा है। नए मंत्रियों को सोमवार को शपथ दिलाई जाएगी।
गौरतलब है कि गोवा सरकार के शहर विकास मंत्री डिसूजा और बिजली मंत्री पांडुरंग मडकईकर काफी समय से बीमार हैं। अब इन दोनों बीमार मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह पर दो नए मंत्रियों निलेश काबराल और मिलिंद नाइक को शपथ दिलाई जाएगी।
ये भी पढ़ें - प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में आएगी बेहतरी, दून में बनेगा 300 बिस्तरों वाला जच्चा-बच्चा अस्पताल
यहां बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर खुद ही पेट की बीमारी से परेशान हैं। हाल ही में वे अमेरिका से इलाज कराने के बाद वापस आए हैं। अब उनकी तबीयत एक बार फिर बिगड़ने से उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है। बता दें कि इस बीच गोवा में राजनीतिक उथल-पुथल भी तेज हो गई थी। कांग्रेस ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इस पर भाजपाध्यक्ष अमित शाह ने खुद मोर्चा संभालते हुए कहा था कि उनके पास ही संख्याबल है ऐसे में सरकार के गिरने का कोई सवाल ही नहीं उठता है।