नई दिल्ली। महाराष्ट्र सरकार के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर का शुक्रवार को तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि 67 वर्षीय फुंडकर को अचानक सीने में दर्द हुआ और उन्हें उल्टियां हुईं। इसके बाद उन्हें मुंबई के सोमैया अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली है। महाराष्ट्र के कृषि मंत्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुख जाहिर करते हुए श्रद्धांजलि दी है।
गौरतलब है कि पांडुरंग फुंडकर को भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे का बेहद करीबी माना जाता था। जुलाई 2016 में देवेंद्र फडणवीस सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले वे साल 1991 से लेकर 1996 तक दो बार महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष थे। वह 1978 में पहली बार विधायक चुने गए थे और साल 1980 में फिर से खमगांव विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। फुंडकर ग्रामीण इलाकों से आते थे इसलिए उन्हें किसान नेता के रूप में भी जाना जाता था।
ये भी पढ़ें - सेना अधिकारी मेजर गोगोई के खिलाफ कोई मुकदमा नहीं, पुलिस ने सौंपी स्टेटस रिपोर्ट
यहां बता दें कि पीएम मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘महाराष्ट्र सरकार में कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर के निधन से स्तब्ध हूं। उन्होंने महाराष्ट्र में भाजपा के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वह राज्य के किसानों की सेवा के लिए हमेशा आगे रहे। मेरी संवेदना उनके परिवार और समर्थकों के साथ है।’ महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फड़णवीस ने भी पांडुरंग फुंडरंग के निधन पर दुख व्यक्त किया है।