नई दिल्ली।सिक्किम में डोकलांग के बाद चीनी सेना ने लद्दाख के पेंमोंग इलाके में घुसपैठ की नाकाम कोशिश की है। भारतीय सैनिकों के द्वारा विरोध जताने के बाद चीन की सेना को वापस लौटना पड़ा। इससे पहले दोनों सेनाओं के बीच करीब 30 मिनट तक जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें दोनोें ओर के कई जवान घायल हुए हैं। हालांकि इस सब के बाद भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों की धुसपैठ को नाकाम कर दिया। इसके बाद बुधवार सुबह दोनों सेनाओं के अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें आगे से इस तरह के टकराव से बचने की बात कही गई।
बता दें कि चीनी सैनिकों ने मंगलवार को दो इलाकों फिंगर फोर और फिंगर फाइव में सुबह 6 से 9 के बीच भारत की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दोनों ही मौकों पर भारतीय जवानों ने उनकी कोशिश असफल कर दी।जब चीनी सैनिकों ने देखा कि उनकी कोशिश असफल हो गई है तब उन्होंने भारतीय सैनिकों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. इसके बाद भारतीय जवानों ने भी पत्थर फेंके। दोनों ओर से करीब 30 मिनट तक इस तरह पत्थरबाजी होती रही, जिसके बाद चीनी सेना को वापस लौटना पड़ा।
बुधवार को दोनों ओर से बढ़ते तनाव को कम करने के लिए दोनों सेनाओं के बीच लद्दाख के चुसूल इलाके में बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। दोनों सेनाओं के बीच हुई बातचीत में आगे से ऐसी घटनाओं से बचने पर सहमति बनी है। बता दें कि सिक्किम में डोकलांग को लेकर भारत और चीन के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। सुरक्षा के मद्देनजर भारत ने सिक्किम के अलावा उत्तराखंड में भी चीन सीमा पर सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी है।