समुद्री लुटेरों द्वारा सोमालिया के तट एक भारतीय व्यापारिक जहाज को घेरने के बाद उसमे सवार 11 क्रू मेंबरों को बंधक बना लिया है। खबरों के अनुसार, समुंद्री लुटेरों ने इस वारदात को 1 अप्रैल को अंजाम दिया। इन लुटेरों ने सभी 11 भारतीय सदस्यों को बंधक बना रखा है। जहाज में सवार सभी क्रू मेंबर महाराष्ट्र के मंडवी इलाके के बताए गए हैं। बताया गया है कि इस जहाज का नाम अल कौशर है और यह यमन से दुबई जा रहा था।
बताया जा रहा है कि समुद्री लुटेरों ने सोमालिया के तट के करीब मौजूद इस भारतीय जहाज को पहले तो चारों और से घेर लिया और बाद में उस जहाज को हाईजैक कर लिया। कुछ देर बाद इन लुटेरों ने जहाज में मौजूद सभी लोगों को बंधक बना लिया। हथियारों के बल पर लुटेरों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। अब खबर है कि जहाज के कप्तान ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दुबई में मौजूद अधिकारियों को दे दी थी। उसके बाद से जहाज के मालिक अपने जहाज -माल और क्रू मेंबर को लेकर लगातार लुटेरों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि खबर है कि कैप्टन ने जब जहाज के मालिक को इस घटना की जानकारी दी तो उस दौरान उन्होंने सैटेलाइट फोन से यह भी बताया कि लुटेरों की कार्रवाई के दौरान सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।