नई दिल्ली। झारखंड सरकार ने राज्य में चलने वाले पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) नाम के संगठन पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। सरकार ने कानून विभाग की सहमति के बाद पीएफआई को प्रतिबंधित किया गया है। बताया जा रहा है कि यह संगठन राज्य के पाकुड़ और साहिबगंज जिले में काफी सक्रिय था। बता दें कि झारखंड के ये जिले बांग्लादेश की सीमा से सटे हुए हैं। पुलिस का भी मानना है कि यहां से अक्सर देश विरोधी गतिविधियों की शिकायत मिलती रहती है। वहीं सरकार का मानना है कि यह संगठन आईएसआईएस से प्रभावित है।
राज्य में नकारात्मक प्रभाव
गौरतलब है कि राज्य के गृह विभाग अपने प्रस्ताव में कहा कि यह संगठन आईएसआईएस से प्रभावित है। इसके कई सदस्य सीरिया जैसे देशांे में काम कर रहे हैं और यहां राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि अगर सरकार इस संगठन पर प्रतिबंध नहीं लगाती तो राज्य में इसका बुरा प्रभाव पड़ सकता था।
ये भी पढ़ें - भिंड के पोस्टआॅफिस में भी हुआ करोड़ों का घोटाला, रिकाॅर्ड सील, मामले की जांच के आदेश
कर्नाटक में भी सक्रिय
यहां बता दें कि इस संगठन पर बच्चा चोर और गौरक्षा के नाम पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के भी आरोप हैं। इस संगठन के हथियारबंद लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन भी किया था। बड़ी बात यह है कि पीएफआई झारखंड के अलावा कर्नाटक में भी काफी सक्रिय है। कर्नाटक में इस संगठन को बैन करने के सवाल पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि यह स्थिति अभी कर्नाटक में नहीं आई है।