नई दिल्ली। राजनीति फेरबदल के बाद जम्मू कश्मीर के नए उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता ने पद की शपथ लेते ही विवादित बयान दिया है। कवीन्द्र गुप्ता ने कठुआ में हुए गैंगरेप को छोटी घटना बताते हुए उसे ज्यादा तूल न देने की बात कही है। कवींद्र गुप्ता ने सोमवार को ही उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। यहां गौर करने वाली बात है कि इसी मामले को लेकर भाजपा के दो मंत्रियों को इस्तीफा देना पड़ा था।
गौरतलब है कि बयान पर हंगामा मचने के बाद कवींद्र गुप्ता ने उसे सुधारने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है और इसका फैसला कोर्ट के ऊपर ही छोड़ने की बात कही है। कवीन्द्र गुप्ता ने कहा कि ‘‘बार-बार इस मामले के बारे में बात करना सही नहीं है। इसके साथ बार-बार खेलना अच्छा नहीं है। मैंने जो पहले कहा था, उसका मतलब था कि ऐसी कई घटनाएं होती रहती हैं लेकिन इन घटनाओं को लेकर लोगों को भड़काना नहीं चाहिए।’’
ये भी पढ़ें - पीएम मोदी आज से शुरु करेंगे कर्नाटक में चुनाव प्रचार, 3 रैलियों को करेंगे संबोधित
यहां गौर करने वाली बात है कि इससे पहले भी कवीन्द्र गुप्ता पहले भी विधानसभा अध्यक्ष के पद पर रहते हुए सुंजुवां में सेना कैम्प पर हमले के लिए जम्मू में रहने वाले रोहिंग्या शरणार्थियों पर आरोप लगाया था। बता दें कि जम्मू कश्मीर की कैबिनेट में सोमवार को बड़ा फरबदल किया गया था। निर्मल सिंह की जगह पर कवीन्द्र गुप्ता को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है वहीं निर्मल सिंह को विधानसभाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है।