नई दिल्ली। कांग्रेस की कमान अपने बेटे राहुल को सौंपने के बाद सोनिया गांधी ने बेहद ही भावुक भाषण दिया। उन्होंने कहा कि वे किस तरह से राजनीति में आईं। सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी को खोने के बाद वे खुद को और बच्चों को राजनीति से दूर रखना चाहती थी लेकिन समय और कांग्रेस की जरूरत ने उन्हें कांग्रेस की अध्यक्षा बनने पर मजबूर किया। उन्होंने कहा कि जब वे पहली बार अध्यक्ष के तौर पर कांग्रेस के कार्यकर्ता को संबोधित कर रहीं थीं तो हाथ-पैर कांप रहे थे। राष्ट्रगीत से शुरू हुआ कार्यक्रम राष्ट्रगान पर खत्म हुआ।
दमन की राजनीति
आपको बता दें कि सोनिया गांधी ने राहुल को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि किस तरह से वह एक निडर नेता बना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सामने आज नई चुनौती और नई उम्मीद है। भाजपा पर हमला बोलते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि आज देश में दमन की राजनीति चल रही है लेकिन कांग्रेस के लोग झुकेंगे नहीं और रुकेंगे नहीं।
ये भी पढ़ें - कांग्रेस में आज से शुरू होगा ‘राहुल राज’, 11 बजे सोनिया गांधी सौंपेंगी कमान
भाजपा पर सीधा हमला
वहीं दूसरी तरफ नए अध्यक्ष के तौर पर बोलते हुए राहुल गांधी ने सीधे तौर पर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले आग लगाते हैं और कांगे्रस उन्हें बुझाती है। वे तोड़ते हैं और हम जोड़ते हैं। वे गुस्सा करते हैं और हम प्यार करते हैं। राहुल ने भाजपा पर वार करते हुए कहा कि आज लोगों को दबाने की राजनीति हो रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए राहुल ने कहा कि वे देश सेवा के लिए तत्पर रहे हैं जबकि भाजपा वाले सिर्फ अपने लिए लड़ते हैं।