नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों लगातार भाजपा पर हमलावर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हत्या की साजिश में मंगलवार को गिरफ्तार किए गए कई बुद्धिजीवियों और महाराष्ट्र के भीमा कोरेगांव में हुई हिंसा को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा कि ’’नए भारत में सिर्फ एक ही एनजीओ के लिए जगह है और उसका नाम आरएसएस है। बाकी सभी एनजीओ बंद कर देने चाहिए। सभी कार्यकर्ताओं को जेल भेज दीजिए और शिकायत करने वाले को गोली मार दीजिए। न्यू इंडिया में आपका स्वागत है।’’
गौरतलब है कि पीएम मोदी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में मंगलवार को पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही कांग्रेस अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि सरकार सिर्फ जानबूझकर बुद्धिजीवियों को निशाना बनाया जा रहा है। राहुल गांधी के ट्वीट पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता किरण रिजिजू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए माओवादियों से नंबर एक का खतरा बताया था लेकिन राहुल गांधी उन्हें खुले तौर पर समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर राष्ट्र की सुरक्षा है।
ये भी पढ़ें - अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, मोबाइल और इंटरनेट सेवा बंद
यहां बता दें कि पीएम की हत्या करने की साजिश रचने के आरोप में जून में भी कई नक्सली नेताओं को गिरफ्तार किया था। संदिग्धों के वित्तीय लेनदेन और संचार के तरीकों की छानबीन भी की जा रही है। सभी आरोपियों पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं और यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून) के तहत मामला दर्ज किया गया है।