श्रीनगरः आतंकवाद को सही ठहराने की कोशिश में दुर्दांत आतंकी जाकिर मूसा ने अब भारतीय मुसलमानों को उकसाने की कोशिश की है। हिज्बुल मुजाहिदीन के पूर्व कमांडर जाकिर ने एक आडियो टेप जारी किया है। इसमें कहा गया है कि भारतीय मुसलमान जिहाद में साथ नहीं दे रहे हैं। आडियो में मूसा ने भारतीय मुसलमानों को शांति की बात करने के लिए धिक्कारा है। बता दें कि मूसा का कुछ ही दिनों पहले हिज्बुल के दूसरे कमांडरों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद मूसा हिजबुल का साथ छोड़कर अलकायदा में शामिल हो गया है।
अल कायदा कमांडर के तौर पर आया टेप
अब अल कायदा के आतंकी कमांडर के तौर पर मूसा ने यह आडियो टेप जारी किया है। मूसा ने टेप में कहा है कि केवल कश्मीर तक ही यह युद्ध नहीं है। पूरे देश में मुसलमानों के खिलाफ अत्याचार हो रहे हैं। मूसा ने कहा कि यह जंग इस्लाम और काफिरों के बीच है। मूसा के इस टेप को कश्मीर में आतंकियों पर लगातार जारी कार्रवाई का डर माना जा रहा है।
पुलिस ने माना-मूसा की ही आवाज है टेप में
इस बीच, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने माना है कि जो ऑडियो क्लिप जारी हुई है, उसमें आवाज मूसा की है। मूसा ने कहा कि देश में गौ सेवकों द्वारा मुस्लिमों को मारा जा रहा है, लेकिन तब भी देश के मुसलमान ऐसे लोगों के साथ खड़े नहीं हो रहे हैं, जोकि काफी शर्म की बात है। भारतीय मुसलमानों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि हमारी मुस्लिम बहनों के साथ अत्याचार हो रहा है, लेकिन भारत के मुसलमान तब भी शांति की बात कर रहे हैं जो कि केवल एक बेगैरत कौम ही कर सकती है।