नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर जारी है। बंगलुरु के राज राजेश्वरी नगर के जलाहल्ली में एक फ्लैट से 9,746 वोटर आईडी कार्ड बरामद किए जाने की पुष्टि हुई है। ये कार्ड कागज में लपेटकर रखे गए थे। अब भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए राज राजेश्वरी सीट पर चुनाव रद्द करने की मांग की है। देर रात चुनाव आयोग ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि भाजपा ने आरोप लगाते हुए का कि जिस फ्लैट में फर्जी वोटर कार्ड मिले हैं वह कांग्रेस के एक विधायक का है। भाजपा नेता और मंत्री सदानंद गौड़ा ने नकली पहचान पत्र से भरे एक बक्शे का फोटो ट्वीट करते हुए लिखा कि लोकतंत्र पर हमला हुआ है। सदानंद गौड़ा ने कहा कि 20,000 आईडी कार्ड, पांच लैपटॉप, एक प्रिंटर और नए मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग के हजारों फार्म बरामद किए गए हैं। राज राजेश्वरी नगर बंगलुरु की सबसे बड़ी विधानसभाओं में से एक है। यहां 4.35 लाख वोटर हैं।
ये भी पढ़ें - चुनाव प्रचार के बीच जुबानी जंग तेज, कांग्रेस नेता ने कहा- प्रधानमंत्री और रुपये में होड़ लगी ह...
यहां बता दें कि साल 2013 के विधानसभा चुनावों में इस सीट से कांग्रेस के मुनिरत्ना ने 37 फीसदी वोट लेकर जीत दर्ज की थी। वह एक बार फिर इस सीट से मैदान में हैं। उनके खिलाफ भाजपा के मुनिराजू गौड़ा लड़ रहे हैं।