अटारीः पाकिस्तान में जबरन नशादी के बाद से फंसी भारतीय महिला उज्मा की भारत वापसी हो गई है। गुरुवार को उज्मा वाघा बार्डर से स्वदेश लौट आईं। बार्डर पर दो भारतीय अधिकारियों ने उज्मा को रिसीव किया। इधर, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी उज्मा का देशवापसी पर स्वागत किया है। उज्मा के मामले में इस्लामबाद हाईकोर्ट ने फैसला लेते हुए उसे भारत जाने की इजाजत दे दी थी। अदालत ने उसका इमीग्रेशन लेटर भी वापस कर दिया था। सुषमा स्वराज ने कहा कि तुमने जो कुछ भी वहां सहा, मैं उसके लिए बहुत दुखी हूं।
जबरन शादी का है मामला
उज्मा की स्वदेश वापसी के साथ ही लंबे समय चल रहा उत्पीड़न भी समाप्त हो गया है। बता दें कि पाकिस्तान में उज्मा नाम की एक भारतीय महिला से एक पाकिस्तानी डॉक्टर ने जबरन शादी कर ली. इसी मामले की सुनवाई इस्लामाबाद की अदालत में हो रही थी. उज्मा ने इस जबरन शादी व अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों की शिकायत करते हुए पिछले दिनों भारतीय उच्चायोग में शरण ले ली थी। उसने भारतीय अफसरों को बताया था कि कैसे एक पाकिस्तानी नागरिक के साथ शादी करने के लिए बंदूक तानकर मजबूर किया गया। यही नहीं शादी के बाद हिंसा एवं यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था।
पति के खिलाफ किया था मुकदमा
शादी के बाद लगातार उत्पीड़न व हिंसा से परेशान उज्मा ने इस्लामाबाद की अदालत में अपने पति ताहिर अली के खिलाफ याचिका दायर की थी। याचिका में पति पर प्रताड़ना और धमकाने का आरोप लगाया गया। अदालत में उज्मा ने बताया कि वह पाकिस्तान शादी के लिए नहीं गई थी, बल्कि अपने रिश्तेदारों से मिलने गई थी। वहां उसकी जबरन शादी करा दी गई।