भोपाल। मध्यप्रदेश की नई नवेली कांग्रेस सरकार ने वंदे मातरम के गायन को अस्थाई तौर पर बंद करने के फैसले पर गुरुवार को यू टर्न ले लिया। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि वंदे मातरम को अब और आकर्षक तरीके से गाया जाएगा। सीएम ने कहा कि अब इसमें पुलिस बैंड और आम लोगों को भी शामिल किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले हर महीने की पहली तारीख को मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारी वंदे मातरम का गायन करते थे लेकिन सीएम की कुर्सी संभालते ही कमलनाथ ने शिवराज सिंह के इस फैसले को पलटते हुए इस पर रोक लगा दी थी। इसके बाद पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने वंदे मातरम को बंद करने के फैसले के बाद सीएम कमलनाथ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा था कि फैसला वापस लो नहीं तो वे खुद अगलेे महीने की पहली तारीख को विधानसभा भवन के प्रांगण में वंदे मातरम गाएंगे। अब इसे शिवराज की चेतावनी का असर कहा जाए या फिर आलाकमान का आदेश, सीएम ने इसे फिर से शुरू करने का मन बना लिया है।
ये भी पढ़ें- राहुल के बयान पर जेटली का पलटवार, कहा- इमरजेंसी लगाने वाले तानाशाह के पोते ने दिखा दिया डीएनए
यहां बता दें कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अब वंदे मातरम का गायन और आकर्षक तरीके से होगा। इसमें पुलिस बैंड के साथ आम लोगों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए शौर्य स्मारक से गांधी स्मारक तक मार्च होगा, जिसमें सचिवालय के कर्मचारी भी शामिल होंगे।