इंदौर । मध्य प्रदेश में 15 साल तक भाजपा की सरकार रहने के बाद अब सूबे पर कांग्रेस की सरकार बनी है। लेकिन कांग्रेस की सरकार में सियासी दुश्मनी का खेल शुरू हो गया है। कमलनाथ सरकार के गठन के बाद पिछले 6 दिनों में प्रदेश में भाजपा के 4 नेताओं की हत्या कर दी गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे राजनीतिक हत्याएं करार दिया है। इतना ही नही कुछ नेताओं पर हुए हमलों के चलते अब मध्य प्रदेश में भाजपा नेता लामबंद होने लगे हैं। रविवार को बड़वानी की भाजपा इकाई के मंडल अध्य़क्ष मनोज ठाकरे की हत्या कर दी गई। उनकी हत्या उस समय की गई जब वह सुबह सैर पर निकले थे। कुछ बदमाशों ने पत्थरों से कुचलकर उनकी हत्या की। भाजपा ने इन्हें राजनीतिक हत्या करार दिया है, साथ ही इस मुद्दे को लेकर वह सड़कों पर उतर आई है। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इन राजनीतिक हत्याओं को लेकर प्रदेश सरकार और गृहमंत्रालय को आड़े हाथों लिया है। इतना ही नहीं पूरे प्रदेश में भाजपा ने इन हमलों और हत्याओं के पीछे प्रदर्शन किया है। इतना ही नहीं कई जगह सीएम कमलनाथ के पुतले फूंके गए।
इस घटना को लेकर कांग्रेस सरकार पर उदासीनता के आरोप लगे हैं। कांग्रेस का कहना है कि पिछले 15 साल से सत्ता पर काबिज भाजपा की नीतियों का यह अंजाम है कि उनके कार्यकर्ताओं पर अब हमले हो रहे हैं। उनका कहना है कि एक भाजपा नेता की हत्या में पुलिस ने भाजपा के ही एक कार्यकर्ता को हिरासत में लिया है। इससे इतर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह कल बड़वानी जा रहे हैं, अगर इससे पहले हत्यारे को नहीं पकड़ा गया तो फिर भाजपा और व्यापक तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन करेगी।
बता दें कि भाजपा ने पिछले दिनों भाजपा नेताओं की हत्या और हमलों पर कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है। प्रदेश भाजपा का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में भाजपा के नेताओं की हत्या का क्रम जारी है, लेकिन सूबे के गृहमंत्री को इससे कोई फर्क ही नहीं पड़ता। जबकि नवनियुक्त सीएम विदेश दौरे पर हैं।
असल में गत बुधवार शाम इंदौर में भाजपा नेता और व्यापारी संदीप अग्रवाल की सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इसके अगले दिन गुरुवार को मंदसौर नगर पालिका में 2 बार के अध्यक्ष रहे भाजपा नेता प्रहलाद बंधवार की सरेबाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को पेशेवर हत्यारों ने अंजाम दिया था।
रविवार सुबह घर से सैर के लिए निकले बड़वानी के मंडल अध्यक्ष मनोज की कुछ लोगों ने पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। मनोज के चेहरे पर चोट के कई निशान थे। शव के पास से खून से सना एक पत्थर भी मिला। इस घटना के बाद रविवार शाम को गुना में परमाल नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह युवक भाजपा के पालक संयोजक शिवराम कुशवाह का रिश्तेदार था। भाजपा ने हत्या के पीछे गुना में कांग्रेसी नेताओं का हाथ बताया है।