नई दिल्ली। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) द्वारा प्रस्तावित हड़ताल में शामिल होने वाले कर्मचारियों पर बैंक प्रबंधन सख्त हो गया है। यूनियन बैंक आॅफ इंडिया ने सर्कुलर जारी कर कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर वे हड़ताल में शामिल होते हैं तो उनकी नौकरी भी जा सकती है। बता दें कि यूएफबीयू ने वेतन में किए गए महज 2 फीसदी की बढ़ोतरी के विरोध में 30 और 31 मई को हड़ताल करने का ऐलान किया है।
गौरतलब है कि बैंक प्रबंधन द्वारा दी गई चेतावनी की नेशनल आर्गनाइजेशन ऑफ बैंक यूनियन (एनओबीडब्ल्यू) ने कड़ी निंदा की है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से जारी सर्कुलर में कहा गया है कि हड़ताल में जो भी अधिकारी या कर्मचारी शामिल होगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, यहां तक नौकरी भी जा सकती है।
ये भी पढ़ें - भारत ने अपनी जमीनी सुरक्षा की और मजबूत, ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का किया पहला सफल परीक्षण
यहां बता दें कि एनओबीडब्ल्यू ने कहा कि प्रबंधन से नाराजगी पर बैंकों में हड़ताल पहले भी होती रही है लेकिन ऐसा पहली बार हो रहा है कि केन्द्रीय कार्यालय से सर्कुलर जारी कर कर्मचारियों को चेतावनी दी जा रही है। यूनियन की ओर से कहा गया है कि प्रबंधन की चेतावनी नए कर्मचारियों को डराने के मकसद से दी गई है। बैंक यूनियन ने कहा कि प्रबंधन को कर्मचारियों को डराने के बजाय भारतीय बैंक संघ को सम्मानजक वेतन बढ़ोतरी के लिए राजी करना चाहिए ताकि कर्मचारी सही तरीके से काम कर सकें।