नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में भाजपा और लोजपा के बीच सीटों के बंटवारे का पेंच अभी भी फंसा हुआ है। गुरुवार को भाजपाध्यक्ष से मिलने के बाद शुक्रवार को लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान ने वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिले हैं। हालांकि दोनों ही नेताओं से मुलाकात बेनतीजा ही रही है। ऐसे में आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भाजपाध्यक्ष के मिलने के बाद ही कोई फैसला आने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि पिछले दिनों चिराग पासवान के ट्वीट के बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे थे उनकी पार्टी भी गठबंधन का साथ छोड़ सकती है।
गौरतलब है कि अगर सूत्रों की मानें तो भाजपा और जदयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि लोकजनशक्ति पार्टी को 6 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि लोजपा की ओर से 7 लोकसभा सीटों के साथ रामविलास पासवान के लिए असम से एक राज्यसभा की सीट मांगी जा रही है। अगर राज्यसभा की सीट पर बात बन जाती है तो लोकसभा की सीटों की मांग को कम किया जा सकता है। सीटों के बंटवारे को लेकर गुरुवार को रामविलास पासवान और चिराग पासवान भाजपाध्यक्ष अमित शाह से मिले थे लेकिन बाहर आने के बाद पासवान ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया था। दोनों नेता आज वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिले लेकिन यह मुलाकात भी बेनतीजा ही रही।
ये भी पढ़ें - LIVE: सोहराबुद्दीन एनकाउंटर में सीबीआई कोर्ट का बड़ा फैसला, सभी 22 आरोपी हुए बरी
यहां बता दें कि जनता दल यूनाइटेड के नेता और बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी सीटों के बंटवारे पर बात करने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष और अरुण जेटली से मुलाकात के बाद तीनों ही पार्टियों की बैठक में सीटों का ऐलान किया जा सकता है। आपको बता दें कि सीटों के बंटवारे को लेकर ही राष्ट्रीय लोक समता पार्टी एनडीए गठबंधन से अलग होकर महागठबंधन मंे शामिल हो गए।